नवनियुक्त जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी (आई.ए.एस.) ने ग्रहण किया पदभार, जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक आयोजित।
डीएम आशुतोष द्विवेदी (आई.ए.एस.) ने कटिहार जिले के जिला पदाधिकारी के रूप में शुक्रवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया।
पदभार ग्रहण के तुरंत पश्चात उन्होंने समाहरणालय स्थित NIC सभागार में जिला स्तरीय सभी पदाधिकारियों की एक परिचयात्मक एवं समीक्षात्मक बैठक की। इस बैठक में अगले तीन महीनों की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों से उनके नाम, पदनाम एवं संबंधित विभागीय कार्यों की जानकारी ली तथा उनके दायित्वों पर चर्चा की। आगे संबंधित प्रखंड नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रखंडों का भ्रमण कर अंचल स्तर पर चल रहे परिमार्जन (सुधार) एवं म्यूटेशन (दखल परिवर्तन) में तेजी लाना, विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान कार्य करने वाली सभी एजेंसियों का लंबित भुगतान को समय पर भुगतान कराना, राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया जाएगा। साथ ही प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा घोषित विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन विभिन्न चरणों में है और इन सभी को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर जोर रहेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक के कार्यालयों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को अधिकतम सुविधा प्राप्त हो। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का समय पर तथा कुशलतापूर्वक निर्वहन करने का भी आह्वान किया।
इस समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी के अतिरिक्त अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त सहित जिला स्तरीय सभी पदाधिकारीगण उपस्थित थे।




