कटिहार में कड़ाके की ठंड को लेकर AIMIM का प्रशासन से हस्तक्षेप, अलाव और कंबल वितरण की उठी मांग
कटिहार जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कटिहार जिले के साथ-साथ बारसोई और बलरामपुर प्रखंड के इलाके भी शीतलहर की चपेट में हैं, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
आदिल हसन ने कहा कि ठंड की वजह से गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और छोटे बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की समुचित व्यवस्था की जाए तथा जरूरतमंद परिवारों के बीच कंबल का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नवनियुक्त जिलाधिकारी लगातार विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर रहे हैं, इसलिए यह उचित समय है कि वे शीतलहर से बचाव की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दें। खासकर बारसोई अनुमंडल में नए एसडीएम की नियुक्ति हुई है, उनसे भी आग्रह किया गया है कि वे इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान दें।
राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने आगे कहा कि जिला प्रशासन को बारसोई और बलरामपुर क्षेत्र के अंचल व प्रखंड कार्यालयों के साथ-साथ प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण करना चाहिए। उन्होंने आबादपुर क्षेत्र के चापाखोर, करणपुर, तेलता, सुधानी, बालूगंज सहित अन्य ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इन केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन इन क्षेत्रों का दौरा करेगा तो ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे और व्यवस्था में सुधार संभव होगा।
AIMIM नेता ने स्पष्ट किया कि शीतलहर के इस दौर में सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह आम लोगों, विशेषकर गरीब और कमजोर तबके को राहत पहुंचाए ताकि किसी की जान खतरे में न पड़े।




