77वें गणतंत्र दिवस पर TRY–एसबीआई संजीवनी परियोजना कार्यालय, बेगूसराय में गरिमामय समारोह का आयोजन
बेगूसराय। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर TRY – एसबीआई संजीवनी परियोजना कार्यालय, बेगूसराय में उत्साह, उल्लास और गरिमा के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एसबीआई फाउंडेशन द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य परियोजना “एसबीआई संजीवनी – क्लिनिक ऑन व्हील्स” के अंतर्गत संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों में सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने राष्ट्रगान गाया और संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। इस अवसर पर परियोजना से जुड़े स्वास्थ्यकर्मी, TRY संस्था के प्रतिनिधि, आलोक एवं अभिनव विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके साथ-साथ संस्था के अन्य कर्मचारी भी बड़ी संख्या में समारोह में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने “एसबीआई संजीवनी – क्लिनिक ऑन व्हील्स” परियोजना की सराहना करते हुए बताया कि यह पहल ग्रामीण इलाकों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों के लिए एक वरदान साबित हो रही है। मोबाइल क्लिनिक के माध्यम से स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक उपचार और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए उन क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं, जहां स्थायी स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य करना राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। TRY संस्था और एसबीआई फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयास न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ा रहे हैं, बल्कि समाज में जागरूकता और भरोसे का भी निर्माण कर रहे हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति और सौहार्द का माहौल बना रहा। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की प्रगति, सामाजिक समरसता और जनसेवा के संकल्प के साथ समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न किया।




