छात्र जदयू शिष्टमंडल ने धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस, निजी संस्थान में हुआ भव्य झंडोत्तोलन
छात्र जनता दल यूनाइटेड (छात्र जदयू) के शिष्टमंडल द्वारा 76वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। यह कार्यक्रम इमलीगाछ पेट्रोल पंप के निकट स्थित एक निजी संस्थान के परिसर में आयोजित किया गया, जहां छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमा के साथ मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र नेता अंकित राज एवं जदयू के जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश राय द्वारा संयुक्त रूप से झंडोत्तोलन के साथ की गई। झंडोत्तोलन के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
इस अवसर पर छात्र नेता अंकित राज ने उपस्थित छात्रों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रणाली का सुचारू रूप से संचालन हमारे संविधान की देन है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और सम्मान की रक्षा करने वाला सबसे मजबूत हथियार है। संविधान के कारण ही आज देश विविधताओं के बावजूद एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।
अंकित राज ने युवाओं से संविधान के मूल्यों को समझने और उन्हें अपने जीवन में उतारने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा देश का भविष्य हैं और संविधान की रक्षा व लोकतंत्र को मजबूत करना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश राय ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र जदयू सदैव सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के लिए कार्य करता रहेगा।
इस मौके पर सुदाम सिंह, आशीष पटेल, राहुल सोनी, नीतीश सहित कई छात्र नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर संविधान और राष्ट्र की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।




