« मनिहारी के युवक सोहेल की दिल्ली में गिरफ्तारी, गांव में सन्नाटा; मां बोली—मेरा बेटा बेकसूर « Husband Dies of Electrocution While Trying to Save Wife During Irrigation in Field « कटिहार में प्रशांत किशोर का हमला: “जनता को सच बताना जरूरी, बिहार की दिशा पर उठाए सवाल « कटिहार में अंबेडकर जयंती पर एकजुटता की ताकत, भव्य शोभायात्रा से गूंजा संविधान बचाओ का नारा « बाबासाहेब के रास्ते पर चलकर ही बनेगा समरस समाज- सांसद तारिक अनवर « हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर भड़के पूर्व विधायक शकील अहमद खान, कहा– दलित समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं « नरैहिया में डिग्री कॉलेज की मांग तेज, नहीं बना तो आंदोलन की चेतावनी सबहेड « कटिहार में 49 वर्षीय महिला रहस्यमय तरीके से लापता, परिजनों ने मुफस्सिल थाना में दिया आवेदन। « रोजीतपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक-बाइक टक्कर में तीन युवकों की मौके पर मौत, चालक फरार « कटिहार कृषि विज्ञान केंद्र में दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
«Back
 मनिहारी के युवक सोहेल की दिल्ली में गिरफ्तारी, गांव में सन्नाटा; मां बोली—मेरा बेटा बेकसूर
  • Crime
  • 2026-04-20 16:20:32
  • सैयद शादाब आलम

मनिहारी के युवक सोहेल की दिल्ली में गिरफ्तारी, गांव में सन्नाटा; मां बोली—मेरा बेटा बेकसूर

कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाबगंज बालू टोला निवासी युवक मोहम्मद सोहेल को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और सोहेल के घर पर मातम जैसा माहौल बन गया है। परिजन लगातार बेटे को निर्दोष बताते हुए न्याय की गुहार लगा रहे हैं।


परिजनों के अनुसार, 10 अप्रैल की रात अचानक आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम गांव पहुंची और सोहेल को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि टीम उसे मनिहारी थाना ले गई, जहां घंटों पूछताछ के बाद अगले दिन सुबह उसे छोड़ दिया गया। हालांकि इस दौरान पुलिस ने सोहेल का मोबाइल फोन जब्त कर लिया था, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।


इसके बाद 14 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने सोहेल को पहचान और आगे की जांच के लिए दिल्ली बुलाया। सोहेल अपने पिता मुमताज और चचेरे भाई के साथ दिल्ली पहुंचा। वहां तीन दिनों तक लगातार पूछताछ की गई और अंततः 17 अप्रैल को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हो गए और गांव में भी सन्नाटा पसर गया।


इस पूरे मामले पर मनिहारी के डीएसपी विनोद कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दिल्ली पुलिस और आईबी की संयुक्त कार्रवाई के तहत युवक को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोहेल के सोशल मीडिया आईडी से कुछ आपत्तिजनक सामग्री वायरल होने की जांच चल रही थी। इसी आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तारी की गई।


दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की ओर से दावा किया जा रहा है कि देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि ये युवक “गज्बा-ए-हिंद” जैसी साजिश से जुड़े हुए थे। गिरफ्तार युवकों में बिहार के कटिहार से मोहम्मद सोहेल के अलावा उत्तर प्रदेश के सोनू और कलम, मुंबई के मोहम्मद हम्माद तथा भुवनेश्वर के शेख इमरान के नाम सामने आए हैं।


स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सोहेल के सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ ऐसे पोस्ट या वीडियो मिले हैं, जो कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देते हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी युवक एक सोशल मीडिया कोर ग्रुप से जुड़े थे, जहां युवाओं को भड़काने, हथियार और विस्फोटक जुटाने तथा क्राउड फंडिंग पर चर्चा होने की आशंका है।


वहीं, सोहेल की मां अंगूरी खातून ने बेटे को पूरी तरह निर्दोष बताते हुए कहा कि सोहेल केवल दसवीं तक पढ़ा है और पिता के साथ प्लंबर का काम कर परिवार चलाता था। उन्होंने रोते हुए कहा कि उनका बेटा किसी गलत काम में शामिल नहीं हो सकता और पुलिस बेवजह उसे फंसा रही है। पड़ोसियों का भी कहना है कि सोहेल का व्यवहार सामान्य था और वह शांत स्वभाव का युवक था।


फिलहाल दिल्ली पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।