बिना अनुमति पुतला दहन करना पड़ा महंगा, पूर्व मंत्री राम प्रकाश महतो समेत तीन नेताओं पर FIR दर्ज
कटिहार के जेपी चौक पर 21 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर किया था प्रदर्शन, सहायक थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
कटिहार। बिहार के कटिहार में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन करने के मामले में राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। बिना प्रशासनिक अनुमति के प्रदर्शन करने के आरोप में पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री राम प्रकाश महतो, पूर्व भाकपा माले विधायक महबूब आलम और राजद नेता समरेंद्र कुणाल के खिलाफ सहायक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई सहायक थाना प्रभारी के आवेदन के आधार पर की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 21 अक्टूबर 2026 को इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कटिहार में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान नेताओं ने जेपी चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया था। बताया जाता है कि इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर प्रशासन से किसी प्रकार की पूर्व अनुमति या लाइसेंस नहीं लिया गया था। इसी मामले को लेकर अब पुलिस ने तीन प्रमुख राजनीतिक नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।
इस संबंध में कटिहार एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को जीआरपी चौक पर प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के लिए प्रशासन से आवश्यक अनुमति या लाइसेंस नहीं लिया गया था। इसी को लेकर सहायक थाना के सहायक एसएचओ के आवेदन पर पूर्व मंत्री राम प्रकाश महतो, पूर्व विधायक महबूब आलम और राजद नेता समरेंद्र कुणाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शन और पुतला दहन किए जाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
वहीं, इस कार्रवाई के बाद कटिहार के राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी गठबंधन के नेताओं पर प्राथमिकी दर्ज होने को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।



