पप्पू यादव पर हमले से भड़के समर्थक शहीद चौक पर पीएम और गृह मंत्री का पुतला फूंका
सांसद प्रतिनिधि नजर मसूद खान के नेतृत्व में किया गया पुतला दहन एवं आक्रोश प्रदर्शन
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर हुए हमले को लेकर कटिहार में उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। कटिहार सांसद प्रतिनिधि नैयर मसूद खान के नेतृत्व में शहर के शहीद चौक पर समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंककर अपना आक्रोश जताया गया। समर्थकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। समर्थकों का कहना था कि पप्पू यादव लगातार आम लोगों की आवाज उठाते रहे हैं और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रखते हैं। ऐसे में उन पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मौके पर सांसद प्रतिनिधि नैयर मसूद खान ने कहा कि सांसद पप्पू यादव पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शहीद चौक पर प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने विरोध जताते हुए कहा कि पप्पू यादव पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समर्थकों ने सांसद की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की। पुतला दहन के दौरान शहीद चौक पर समर्थकों की भीड़ जुटी रही। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी से पूरा इलाका गूंजता रहा। मौके पर अरुण सिंह, वकील दास, अजय पोद्दार, कुमार गौरव,चंदन यादव, मो० ऐनूल, मो० साबिर, टीपू सुल्तान,अनिल साह, इम्तियाजुल हक,बुदुल सिंह,रवि यादव,सौरभ यादव, राकेश ठाकुर सहित कई समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




