सांसद पप्पू यादव पर हमले की SDPI ने की कड़ी निंदा, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष क़मर दानिश ने नई दिल्ली में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर हुए कथित जानलेवा हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर गंभीर हमला बताया है। उन्होंने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में क़मर दानिश ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में एक वर्तमान सांसद की सुरक्षा में इस तरह की चूक बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सांसद पप्पू यादव लगातार गरीबों, वंचितों और दबे-कुचले लोगों की आवाज उठाते रहे हैं। उनके अनुसार, उनकी बढ़ती लोकप्रियता से परेशान असामाजिक और राजनीतिक द्वेष रखने वाले तत्वों ने इस कायराना घटना को अंजाम दिया है।
SDPI नेता ने इस घटना के पीछे गहरी राजनीतिक साजिश की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि देश में विपक्षी और जनप्रिय नेताओं की आवाज को डराने-धमकाने तथा हिंसा के माध्यम से दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि असहमति की आवाज को हिंसा के जरिए चुप कराने की प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
क़मर दानिश ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से मांग की कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कर हमले के पीछे शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं और उनके संभावित राजनीतिक संबंधों का जल्द खुलासा किया जाए। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी धाराओं के तहत फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर शीघ्र सजा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि सांसद पप्पू यादव की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर उन्हें पर्याप्त और प्रभावी सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अपने बयान के अंत में क़मर दानिश ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो SDPI लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का पार्टी मजबूती से विरोध करेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।




