कटिहार में मद्य निषेध टीम की बड़ी कार्रवाई, छह तस्कर गिरफ्तार, 60 लीटर से अधिक शराब बरामद
कटिहार, बुधवार। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर कटिहार मद्य निषेध विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की। मद्य निषेध टीम के इंस्पेक्टर रवि किशोर सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 60 लीटर से अधिक बीयर, विदेशी शराब एवं चुलाई शराब बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान सहायक थाना क्षेत्र स्थित कटिहार जंक्शन की नई बिल्डिंग के समीप छापेमारी कर सोनू कुमार को 12.000 लीटर बीयर तथा अंशु कुमार को 24.000 लीटर बीयर के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा बुद्धूचक इलाके से प्रियांशु कुमार उर्फ मनीष कुमार को 5.610 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया।
इसी अभियान के तहत आजमनगर थाना क्षेत्र के बौला निमोला गांव में छापेमारी कर करण कुमार को 12.000 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं मनिहारी थाना क्षेत्र के दो गाछी केवाला गांव से मिथुन कुमार ऋषि को 4.000 लीटर चुलाई शराब के साथ दबोचा गया। इसके अतिरिक्त मनिया रेलवे स्टेशन के समीप भट्ठा डेहरिया इलाके में कार्रवाई करते हुए सौरभ कुमार को 3.240 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध विभाग के अनुसार सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत मद्य निषेध विभाग या स्थानीय पुलिस को दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




